पटियाला। राजिंदरा अस्पताल में बुधवार को डेंगू के तीन नए मरीज दाखिल हो गए। जबकि पांच संदिग्ध मरीज भी इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे हैं। डाक्टरों के मुताबिक इन संदिग्ध मरीजों को भी तेज बुखार है और इनके प्लेटलेट्स काउंट कम हैं। इसके चलते इन मरीजों को भी डेंगू होने की पूरी संभावना है। फिलहाल इन मरीजों के ब्लड सैंपल लेकर जांच के लिए मेडिकल कालेज की लैब में भेज दिया गया है।
राजिंदरा अस्पताल में मेडिसिन विभाग की डा. सविता कपिला के मुताबिक बुधवार को अस्पताल में जो तीन डेंगू के मरीज दाखिल हुए, उनमें सुखविंदर सिंह (64) निवासी त्रिपड़ी पटियाला, दिनेश कुमार निवासी पंजाबी बाग पटियाला और मनोज (32) निवासी यमुनानगर हरियाणा शामिल है। डा. कपिला के मुताबिक इन सभी मरीजों की ब्लड सैंपल रिपोर्ट डेंगू के लिए पॉजिटिव रही है। इसके चलते इन मरीजों को डेंगू वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया है। इससे अस्पताल के अन्य मरीजों में इंफेक्शन न हो। जबकि पांच संदिग्ध मरीज अस्पताल में इलाज के लिए पहुंचे। इनमें सुलखन (26) निवासी धुरी संगरूर, रवि (58) निवासी मंडी गोबिंदगढ़, विनय कुमार (27) और इसका भाई हिमांशु (20) निवासी अरोड़ा वाला मोहल्ला और निर्मला देवी (48) निवासी महिंदरा कालोनी पटियाला शामिल हैं। संदिग्ध मरीजों को तेज बुखार है और इनके प्लेटलेट्स काउंट भी कम हैं। इन सभी के ब्लड सैंपल लेकर जांच को मेडिकल कालेज की लैब में भेज दिए गए हैं।