लचकानी में आठ किसानों की फसलों में लगी आग
बिजली की तारों में स्पार्किंग से हुआ नुकसान, किसानों को मिले मुआवजा : आप
अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला।
जिले के गांव लचकानी में आठ किसानों की खेतों में तैयार खड़ी गेहूं की फसलें बिजली की तारों में स्पार्किंग से आग की भेंट चढ़ गईं। आम आदमी पार्टी के प्रदेश सह प्रधान डॉ. बलवीर सिंह, महासचिव जरनैल सिंह मनु ने सोमवार को पत्रकारवार्ता में बताया कि उन्होंने मौके पर जाकर प्रभावित फसलें देखी हैं। आप नेताओं ने प्रशासन से मांग की कि पीड़ित किसानों को 8000 रुपये प्रति बीघा मुआवजा दिया जाए। साथ ही आगे से ऐसी घटनाएं रोकने के लिए एक इमरजेंसी नंबर मुहैया कराया जाए। इससे ऐसी दुखद घटनाएं रोकी जा सके। इसका मकसद इमरजेंसी में बिजली की सप्लाई देना या बिजली की सप्लाई बंद करना हो।
आप नेताओं ने कहा कि पीड़ित किसानों को समय पर फायर ब्रिगेड की सर्विस भी नहीं मिल सकी। इससे सभी आठ किसानों की खेतों में तैयार खड़ी गेहूं की फसलें सड़कर स्वाह हो गई। उन्होंने कहा कि अगर फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर आ जातीं, तो किसानों को इतना नुकसान नहीं होना था। आप नेताओं ने कहा कि इन सारे किसानों की जमीन ठेके पर है। उन्होंने सरकार से मांग की कि किसानों को उनकी जली फसलों के नुकसान का मुआवजा दिया जाए। आप नेताओं ने भरोसा दिलाया कि सरकार से उनके हुए नुकसान का मुआवजा दिलाने में आप पूरी कोशिश करेगी। इस संबंधी सरकार को मांग पत्र भेजा जाएगा।