चीमा के निधन पर ब्रहम महिंदरा, नवजोत सिद्धू, परनीत कौर ने जताया शोक
पटियाला। द्रोणाचार्य अवार्डी पहलवान सुखचैन सिंह चीमा के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए पूर्व केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री परनीत कौर ने इसे देश और खेल जगत समेत चीमा के परिवार को हुआ कभी न पूरा होने वाला नुकसान बताया है।
परनीत कौर के साथ ही सेहत मंत्री ब्रहम महिंदरा, जंगलात मंत्री साधु सिंह धर्मसोत और लोकल बाडी मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू ने भी चीमा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए दुखी परिवार के साथ हमदर्दी जताई है। यहां जारी शोक संदेश में हलका राजपुरा से विधायक हरदियाल सिंह कंबोज, शुतराणा से विधायक निर्मल सिंह, घन्नौर से विधायक मदन लाल जलालपुर, समाना से विधायक रजिंदर सिंह और सीएम के ओएसडी अमृतप्रताप सिंह हनी सेखों ने चीमा के निधन को खेल जगत के लिए एक बड़ी क्षति बताया है। कहा कि पंजाब ने नाम कमाने वाले एक चोटि के पहलवान और खेल जगत का एक अनमोल हीरा गंवा दिया है। उन्होंने चीमा के परिवार को इस दुख की घड़ी में सांत्वना दी। चीमा के निधन पर पटियाला के कमिश्नर वीके मीना, आईजी पटियाला जोन एएस राय, डीसी कुमार अमित, डीआईजी पटियाला रेंज डा. सुखचैन सिंह गिल, एसएसपी डा. एस भूपति ने दुख जताया है।