गुजरात के सूरत के रहने वाले एक युवक के साथ पटियाला के ट्रेवल एजेंट ने कनाडा भेजने के नाम पर 32.58 लाख की ठगी की। इस मामले की शिकायत थाना सिविल लाइन पुलिस के पास दर्ज की गई, जिसकी जांच के बाद आरोपी को नामजद कर लिया है, लेकिन वह अभी फरार है।
पटेल निकुंज भाई निवासी सूरत (गुजरात) ने थाना सिविल लाइन पुलिस के पास शिकायत की थी कि साल 2019 में मोहाली के गुरुद्वारा साहिब में उसकी आरोपी जसवीर सिंह निवासी आदर्श नगर-बी पटियाला से मुलाकात हुई थी। वहां उसके साथ एक महिला भी थी। आरोपी ने पटेल निकुंज को कनाडा भेजने का झांसा देकर 32 लाख 58 हजार 700 रुपये ले लिए। लेकिन बाद में जून 2019 में कनाडा भिजवाने की बजाय आरोपी उसे अपने साथ अरमीनिया ले गया। निकुंज ने अपने व जसवीर सिंह के आने जाने और वहां 25 दिन रहने का खर्चा खुद उठाया। इसके बाद दोनों भारत वापस लौटे। इसके कुछ देर बाद आरोपी फिर से निकुंज को मलेशिया में अपने किसी रिश्तेदार के पास ले गया। यहां भी 11 दिन रहने के बाद दोनों वापस लौट आए, लेकिन आरोपी ने पटेल निकुंज को कनाडा नहीं भेजा। ऊपर से पैसे वापस मांगने पर धमकियां देने लगा।
थाना इंचार्ज गुरप्रीत सिंह भिंडर ने बताया कि आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और जल्द ही उसे काबू भी कर लिया जाएगा।