बेकाबू बस ने खड़ी ट्रैक्टर-ट्राली में मारी टक्कर, पांच जख्मी
अमर उजाला ब्यूरो
राजपुरा।
राजपुरा-पटियाला रोड पर सोमवार को गांव भद्क के पास खड़ी ट्रैक्टर-ट्राली में पीआरटीसी की बेकाबू बस ने टक्कर मार दी। इससे बस चालक समेत पांच लोग मामूली रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार सुबह तकरीबन 4 बजे दिल्ली से पटियाला जा रही पीआरटीसी की बस बेकाबू होकर सड़क किनारे चारे से लद्दी खड़ी हुई ट्रैक्टर-ट्राली से टकरा गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत यह रही कि कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। पुलिस जांच अधिकारी हरदीप सिंह ने बताया कि पीआरटीसी डिपो की बस जिसको सुखचैन सिंह पुत्र बहाल सिंह जिला फतेहाबाद का रहने वाला चला रहा था कि अचानक बस बेकाबू होकर ट्रैक्टर-ट्राली के पीछे टकरा गई। इससे बस चालक सुखचैन सिंह समेत पांच सवारियां जख्मी हो गईं। उनको प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। हरदीप सिंह के अनुसार दोनों वाहन चालकों पर बनती कानूनी कार्रवाई के बाद आपसी समझौता करवा दिया गया।