सरकारी मुलाजिम ने घर में फंदा लगाकर दी जान
अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला।
कृष्णा कालोनी नजदीक अबलोवाल में रहने वाले पब्लिक हेल्थ विभाग के चौथा दर्जा मुलाजिम ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के मुताबिक आर्थिक तंगी के कारण मुलाजिम परेशान था।
मृतक अशोक कुमार (38) के भांजे नरिंदर कुमार ने बताया कि उसके मामा को करीब चार साल पहले अपने पिता की जगह पर पब्लिक हेल्थ विभाग में नौकरी मिली थी। मामा के पिता की मौत हार्ट अटैक से हो गई थी। नरिंदर कुमार ने बताया कि मंगलवार सुबह उसके मामा के बच्चे जब स्कूल चले गए और उनकी नानी बाहर किसी काम से चली गई। इसी बीच उन्हाेंने अपनी पत्नी से चाय बनाने के लिए कहा। पत्नी ने चाय बनाने के बाद जब उन्हें आवाज मारी तो कोई जवाब न आया। जब उसने ऊपर कमरे में जाकर देखा तो अशोक कुमार का शव पंखे से लटका हुआ था। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के मुताबिक अशोक कुमार आर्थिक तंगी के कारण परेशान था। वह मकान बना रहा था और पैसों की कमी हो रही थी।