कोहली स्वीट्स की तीन मंजिला इमारत में भीषण आग
शार्ट सर्किट से लगी आग, लाखों के नुकसान की आशंका
अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला।
शहर के त्रिपड़ी टाउन की प्रसिद्ध कोहली स्वीट्स में बुधवार तड़के भीषण आग लग गई। जब तक फायर ब्रिगेड़ की गाड़ियां मौके पर पहुंचती, तब तक आग ने इमारत की तीनों मंजिलों को चपेट में ले लिया था। आग से इमारत में रखा सारा सामान जल कर गया। इससे लाखों का नुकसान होने का अंदेशा जताया जा रहा है। हालांकि आगजनी में कोई जानी नुकसान होने से बचाव रहा। सुबह करीब आठ बजे आग पर काबू पाया जा सका।
कोहली स्वीट्स के मालिक तरनजीत सिंह के अनुसार सुबह करीब साढ़े चार बजे उनकी मिठाइयों की तीन मंजिला दुकान में आग लगने की सूचना उनके गार्ड ने दी। तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचित कर दिया, लेकिन गाड़ी सवा पांच बजे के बाद ही पहुंची। देरी होने से आग ने उस समय तक पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया था। मालिक के मुताबिक दुकान में रखा सारा सामान तैयार मिठाइयां, कच्चा माल, फर्नीचर, बर्तन सब जल गया। आग लगने से कोहली स्वीट्स में रखे फ्रिजरों के कंप्रेशर फटने से धमाके हुए। इससे और ज्यादा आग भड़की। फायरमैन अशोक कुमार ने कहा कि फायर ब्रिगेड की गाड़ियों के पहुंचने के करीब पौने घंटे के बाद कंप्रेशर फटे। त्रिपड़ी थाना इंचार्ज राजेश मल्होत्रा ने कहा कि आग लगने से बिजली का शार्ट सर्किट है। आग से लाखों के नुकसान का अंदेशा है और अभी सही नुकसान का आंकलन लगाया जाना मुश्किल है।
फायर ब्रिगेड की सात गाड़ियों ने साढ़े तीन घंटे में पाया काबू
फायरमैन अशोक कुमार ने बताया कि सुबह सवा पांच बजे फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंच गई थी, लेकिन तब तक आग काफी फैल चुकी थी। बड़ी मुश्किल से सुबह करीब आठ बजे तक आग पर काबू पाया जा सका। आग बुझाने में फायर ब्रिगेड की सात गाड़ियां लग गईं। फायरमैन ने कहा कि संभावना है कि आग बिजली का शार्ट सर्किट होने से लगी हो, क्योंकि कोहली स्वीट्स के पास ही ट्रांसफार्मर है।