आंगनबाड़ी वर्करों ने घेरा मिनी सचिवालय
सरकार के खिलाफ नारेबाजी, तहसीलदार को दिया ज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला। आंगनबाड़ी वर्करों ने वीरवार को मिनी सचिवालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। उन्होेंने कहा कि सरकार अपने डंडे के साथ वर्करों की आवाज को दबा नहीं सकती है। सरकार का ऐसा ही रवैया रहा तो आंदोलन तेज किया जाएगा।
आंगनबाडी मुलाजिम यूनियन पंजाब की प्रदेश प्रधान हरजीत कौर पंजोला ने बताया कि कई दिन से लगातार धरने-प्रदर्शन के बावजूद सरकार के कान पर जूं नहीं रेंग रही है। जिला प्रधान बलविंदर कौर ने मांग की कि रात को सो रही बुजुर्ग महिलाओं पर अत्याचार करने वाले अधिकारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए। धरने के बाद वर्करों ने तहसीलदार सुभाष चंद भारद्वाज को मांग पत्र दिया और डीसी कुमार अमित के साथ मांगों संबंधी बैठक भी की। धरने में मुलाजिम नेताओं प्रेम सेठी, राज कौर, गुरपाल कौर, जसवीर कौर, सुनीता जोशी, चरनजीत कौर, अमरजीत कौर, हरमेश कौर, सरबजीत कौर, मंजू, माया कौर ने हिस्सा लिया।
फोटो नंबर-02पीटीएल03
कैप्शन-वीरवार को पटियाला में मिनी सचिवालय में डीसी दफ्तर के सामने सरकार के खिलाफ धरना देतीं आंगनवाडी वर्कर।