पशुपालकों की आय बढ़ाने का काम करेगा पशुपालक विभाग : सिद्धू
मंत्री ने पशुपालन व संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ की बैठक
अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला।
पशुपालन, डेयरी विकास, मछली पालन और किरत मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू ने सूबे में पशुओं की नस्ल सुुधार के लिए भ्रूण ट्रांसफर और पशुओं की अच्छी सेहत के लिए फीड की गुणवत्ता की ओर विशेष ध्यान देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि अगर बीमारी रहित पशु होगा, तो आम लोग भी रोग मुक्त रह सकेंगे।
साथ ही कहा कि पशुपालन विभाग सूबे के पशुपालकों की आय बढ़ाने और किसानों को खुदकुशियों से बचाने के लिए काम करेगा। वह विभाग के नाभा रोड स्थित सेंटर आफ एक्सीलेंस आन कैटल डेवलपमेंट (रौणी फार्म) नाभा रोड का दौरा करने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने पशुपालन व अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक भी की।
सिद्धू ने कहा कि सूबे के पशुपालकों को अच्छी नस्ल के पशु मुहैया करवाकर, कम पशुओं से अधिक उत्पादन हासिल कर पशु पालकों व किसानों की आय बढ़ाने की तरफ भी विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि गोशालाओं में ज्यादा दूध देने वाली और बीमारी मुक्त गायों के पालन पोषण के लिए प्रयास किए जाएंगे। इस दौरान मंत्री ने रौणी फार्म में अल्ट्रा माडर्न भ्रूण ट्रांसफर लैब, देसी व विदेशी गायों का प्रजनन फार्म, राज्यस्तरीय सीमेन वितरण केंद्र, राज्यस्तरीय फीड वितरण केंद्र और दूध वितरण केंद्र समेत रौैणी फार्म की कार्यप्रणाली का जायजा लिया। इस दौरान पशुपालन विभाग के डायरेक्टर डॉ. अमरजीत सिंह भी मौजूद रहे।