तालाब का पानी पीने से 6 भैंसों की मौत
राजपुरा। गांव अलीमाजरा के डेरे में रहने वाले गरीब किसान की छह भैंसों की तालाब का पानी पीने से मौत हो गई। डेरे में रहने वाले किसान चरनजीत सिंह ने बताया कि रोजाना की तरह वीरवार देर शाम भी भैंसों को तालाब में नहाने व पानी पीने के लिए छोड़ा था। तालाब का पानी पीने के बाद अचानक ही भैंसों की हालत खराब होने लगी। इस पर घर में मौजूद देसी नुक्तों से उनका इलाज शुरू कर दिया। शुक्रवार सुबह 6 भैंसों ने दम तोड़ दिया। किसान का कहना है कि उनके परिवार का खर्च इन भैंसों के दूध से चलता है। सभी भैंसों की मौत से रोटी का संकट पैदा हो गया है। किसान ने सरकार से मांग करते हुए कहा कि तालाब में खड़े पानी की जांच करवाई जाए और उसकी सहायता की जाए, ताकि वह अपने परिवार का पालन पोषण कर सकें।