‘निर्मल कांता स्टेडियम पार्क में तब्दील करें’
डेढ दशक से विकास की राह देख रहे हैं पंजाबी कालोनी निवासी
अमर उजाला ब्यूरो
राजपुरा।
शहर के बीचों बीच बनी पंजाबी कालोनी निवासी पिछले डेढ़ दशक से विकास की राह देख रहे हैं कालोनी के नजदीक खंडहर हो चुके निर्मल कांता स्टेडियम को पार्क में तब्दील करने की मांग लोग कई बार उठा चुके हैं। इसके बाद मामला जस का तस बना है।
कालोनी निवासी सुधीर कुमार, सुरिंद्र पाल, जेपी चौहान, सीयू चोपड़ा, हरीश कुमार, दिनेश कुमार ने बताया कि पिछले डेढ़ दशक से लोग टूटी सड़कों, ब्लाक सीवरेज व बरसाती पानी की निकासी न होने से बेहद परेशान हैं। उन्होंने कहा कि कालोनी की तंग गलियों व रुके बरसाती व सीवरेज के पानी से बदबू उठती रहती है। इसके लिए वह कई बार नगर काउंसिल को शिकायत भी दर्ज करा चुके हैं कालोनी निवासी अपने खर्चे पर सफाई व्यवस्था करवाने को मजबूर हो रहे हैं।
कालोनी निवासियों का कहना है कि पंजाबी कालोनी के सामने ही निर्मल कांता स्टेडियम बना हुआ है। स्टेडियम में गंदगी के ढेर लगे हुए हैं और असामाजिक तत्व खंडहर में तब्दील हो चुकी इमारत में नशे का सेवन करते रहते हैं। ग्राउंड में गंदगी के चलते बदबू फैली रहती है। फागिंग न होने से मक्खी, मच्छरों की तादाद बढ़ रही है। कालोनी निवासियों ने बताया पूर्व विदेश राज्यमंत्री परनीत कौर ने उन्हें आश्वासन दिया था कि सूबे में कांग्रेस सरकार बनते ही स्टेडियम को पार्क में तब्दील कर दिया जाएगा। अभी तक इस और ध्यान नहीं दिया गया। नगर काउंसिल प्रधान नरेन्द्र शास्त्री का कहना है कि कांग्रेस सरकार के दौरान स्टेडियम बनवाने के लिए विधायक हरदियाल सिंह कंबोज के प्रयासों से 20 लाख रुपये की ग्रांट दिलवाई थी। अकाली-भाजपा सरकार के दौरान ग्राउंड की तरफ कोई ध्यान नहीं दिया, जिससे इमारत खंडहर बन चुकी है। जल्द ही इस पर काम शुरू कराया जाएगा।
विधायक से कराएंगे कालोनी का विकास: अरोड़ा
वार्ड के पूर्व पार्षद व पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी सचिव मुरलीधर अरोड़ा ने बताया कि वह पंजाबी कालोनी को अपना परिवार मानते हैं। कालोनी के विकास के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। इसके लिए वह जल्द ही राजपुरा विधायक हरदियाल सिंह कंबोज से मिलकर कालोनी के विकास और निर्मल कांता स्टेडियम के जीर्णोद्धार के लिए बात करेंगे। साथ ही बरसाती पानी की निकासी व सीवरेज व्यवस्था दुरुस्त कराने के साथ फागिंग करवाएंगे।