मुख्यमंत्री से मिलवाने वाले को पुरस्कार देंगे ठेका मुलाजिम
17 फरवरी से स्कीम शुरू करने का एलान
मांगों के लिए कैप्टन से मुलाकात का समय न मिलने पर जताई नाराजगी
अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला।
मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की ओर से मुलाकात के लिए समय न मिलने से नाराज ठेका मुलाजिमों ने 17 फरवरी से मुख्यमंत्री मिलाओ ईनाम पाओ योजना शुरू करने का एलान किया है। उनका आरोप है कि विधानसभा चुनाव के दौरान कैप्टन अपने नेताओं के साथ उनके धरनों में शामिल होते थे। अब सरकार बनने के इतने महीनों के बाद भी सीएम ने एक बार भी उनके साथ मांगों के लिए बैठक करने की जहमत नहीं उठाई।
ठेका मुलाजिम एक्शन कमेटी ने बुधवार को बैठक कर इस संबंधी एलान किया। इस दौरान कमेटी के ओहदेदारों परवीन शर्मा, दविंदर सिंह और चमकौर सिंह ने कहा कि स्कीम के तहत जो भी व्यक्ति मुख्यमंत्री या कांग्रेस प्रधान के साथ ठेका मुलाजिमों की बैठक कराएगा, उसको ईनाम दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से लोगों के लिए विभिन्न स्कीमें शुरू की जाती हैं, लेकिन हैरानी की बात है कि अब सीएम से मिलने के लिए कोई स्कीम शुरू की जाएगी।
उन्होंने बताया कि 17 फरवरी को जालंधर, गुरदासपुर, मोहाली और बठिंडा में ठेका मुलाजिमों की ओर से जनता में जाकर इस योजना की शुरुआत की जाएगी। इस दौरान आम जनता और कांग्रेस नेताओं से अपील की जाएगी कि वह नौजवानों की सीएम के साथ मीटिंग कराएं। इसके एवज में उनको बनता इनाम दिया जाएगा। कमेटी के ओहदेदारों ने बताया कि अगर फिर भी मुलाजिमों के साथ सरकार की ओर से जल्द बैठक ना की गई, तो आने वाले विधानसभा सेशन से पांच दिन पहले सेक्टर 17 चंडीगढ़ में सीएम के ओएसडी की ओर से बीते साल 14 मार्च को खत्म कराई गई भूख हड़ताल फिर से शुरू की जाएगी। उन्होंने मांग की कि विधानसभा की ओर से पास किए एक्ट को लागू करके कच्चे मुलाजिमों को पक्का किया जाए।