पटियाला। नगर पंचायत भादसों के शुक्रवार को कराए गए चुनाव में 82 फीसदी मतदान हुआ। डीसी कम जिला चुनाव अधिकारी कुमार अमित ने बताया कि चुनाव के लिए 31 उम्मीदवार चुनाव मैदान में थे। इनमें कांग्रेस पार्टी के सात उम्मीदवार विजेता रहे हैं। अकाली दल के तीन और भारतीय जनता पार्टी का भी एक उम्मीदवार विजेता रहा । भादसों नगर पंचायत के लिए रिटर्निंग अफसर कम उपमंडल मजिस्ट्रेट नाभा काला राम कांसल ने बताया कि वार्ड नंबर एक में भारतीय जनता पार्टी की सुरिंदर कौर, वार्ड नंबर दो में कांग्रेस के संजीव कुमार, वार्ड नंबर तीन से अकाली दल की सुखप्रीत कौर, वार्ड नंबर चार से कांग्रेस के चुन्नी लाल, वार्ड नंबर पांच से अकाली दल की परमजीत कौर, वार्ड नंबर छह से कांग्रेस के बाली राम, वार्ड नंबर सात से कांग्रस की सुनीता रानी, वार्ड नंबर आठ से अकाली दल के दरबारा सिंह, वार्ड नंबर 9 में से कांग्रेस की सीमा रानी, वार्ड नंबर 10 से दर्शन कौड़ा और वार्ड नंबर 11 में से कांग्रेस पार्टी के गोपाल सिंह विजेता रहे हैं।