ट्रैफिक समस्या के हल के लिए सात सदस्यीय कमेटी गठित
पहले पड़ाव में पांच भीड़ वाले स्थानों को ट्रैफिक समस्या से निजात मिलेगी
लावारिस पशुओं को शहरों में छोड़ने वालों पर होगी कार्रवाई : डीसी
अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला।
शहर के लोगों को दिन-प्रतिदिन बढ़ रही ट्रैफिक समस्या से निजात दिलाने के लिए डिप्टी कमिश्नर कुमार अमित ने मंगलवार को सड़क सुरक्षा कमेटी की बैठक ली। इस दौरान सात सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया। ट्रैफिक समस्या के उचित हल के लिए पहले पड़ाव के तहत शहर के पांच ज्यादा भीड़ वाले स्थानों पर ट्रैफिक समस्या का हल करने को कमेटी उचित कार्रवाई करेगी। अगले माह सड़क सुरक्षा कमेटी की होने वाली बैठक में प्रगति रिपोर्ट पेश करेगी।
डिप्टी कमिश्नर ने बैठक में मौजूद विभिन्न विभागों के सीनियर अधिकारियों व संस्थाओं के नुमाइंदों से पहले ट्रैफिक समस्या के हल के लिए सुझाव मांगे। बाद में इस कमेटी के गठन का एलान किया। इस कमेटी में एसडीएम पटियाला अनमोल सिंह धालीवाल, डीएसपी ट्रैफिक जसकीरत सिंह, एक्सईएन म्यूनिसिपल कारपोरेशन एमएम स्याल, एक्सईएन लोक निर्माण विभाग नवीन जिंदल, थापर कॉलेज के प्रोफेसर तनूज चोपड़ा, पटियाला इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के महासचिव एचपीएस लांबा ओर ट्रैफिक पुलिस के इंचार्ज इंस्पेक्टर करनैल सिंह को शामिल किया गया है। डीसी ने बताया कि यह कमेटी पहले पड़ाव के तहत पटियाला के पांच ज्यादा ट्रैफिक समस्या वाले स्थानों पर ट्रैफिक की समस्या का उचित हल निकलवाएगी। इन स्थानों में गुरुद्वारा श्री दुखनिवारण साहिब के पास खंडा चौक, लीला भवन से थापर कॉलेज तक भूपिंदरा रोड, छोटी बारादरी में संडे मार्केट व सरहिंद रोड से बस स्टैंड वाली ट्रैफिक को फैक्टरी एरिया के जरिये वन वे करना शामिल किया गया है। डीसी ने मौके पर शहर में लावारिस पशुओं की बढ़ती समस्या का नोटिस लेते हुए पुलिस को हिदायत की कि शहर में रात के समय बाहर से लाकर पशु छोड़कर जाने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।