राजिंदरा अस्पताल में मारपीट, एक घायल
बिना पर्ची कटाए बाइक खड़ी करने को लेकर हुआ विवाद, पांच पर केस दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला।
सरकारी राजिंदरा अस्पताल में मंगलवार बाद दोपहर उस समय अचानक हंगामा मच गया, जब अस्पताल के व्हीकल स्टैंड पर दो गुट आपस में भिड़ गए। कृपाण चलने से एक व्यक्ति घायल हो गया। घायल व्यक्ति स्टैंड का मालिक बताया जा रहा है, जिसे अस्पताल में दाखिल करा दिया गया है। पुलिस ने स्टैंड मालिक के बयान पर पांच लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया था। लेकिन अभी किसी
माडल टाउन चौकी पुलिस के मुताबिक मंगलवार बाद दोपहर करीब साढ़े तीन बजे एक व्यक्ति स्टैंड पर बाइक न खड़ी करके अस्पताल में ले गया। कुछ देर बाद वह बाहर आया तो बाइक गायब मिली। खोजबीन करने पर पता लगा कि स्टैंड का मालिक कर्ण सिंह व उसका साथी गुरप्रीत सिंह बाइक उठा कर ले गए हैं। जब व्यक्ति ने कर्ण सिंह से अपना मोटरसाइकिल मांगा, तो उसने कहा कि वह बिना पर्ची कटाए बाइक अंदर कैसे ले गया। अब उसे जुर्माना देना होगा, तभी बाइक वापस मिलेगी।
इसी बात को लेकर बाइक मालिक व कर्ण सिंह के बीच लड़ाई हो गई। इस दौरान कर्ण सिंह ने बाइक मालिक को थप्पड़ मार दिए। जिससे मामला गर्मा गया और इसी बीच बाइक मालिक के चार-पांच दोस्त भी वहां पहुंच गए। जिन्होंने कर्ण सिंह को पीट दिया। इस दौरान कृपाणें चलने की भी बात सामने आ रही है। कर्ण सिंह घायल है। उसे राजिंदरा अस्पताल दाखिल कराया गया है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। अभी आरोपियों के नामों का खुलासा नहीं हो सका है।