सीएम हाउस घेरने जा रहीं नर्सों को पुलिस ने रोका
रेगुलर करने की मांग पर नर्सोें ने लगाया धरना
बैठक में मांगें न मानीं तो दी आंदोलन तेज करने की चेतावनी
अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला।
मांगों के लिए पंजाब सरकार के उदासीन रवैये से गुस्साईं सरकारी राजिंदरा अस्पताल की नर्सें वीरवार को सीएम हाउस घेरने जा रही थीं, लेकिन मोती महल से कुछ दूरी पर ही पुलिस ने उन्हें रोक लिया। इसके बाद नर्सों ने वहीं पर धरना लगा दिया। बाद में फोन पर सेहत मंत्री ब्रह्म मोहिंदरा के भरोसे पर नर्सों ने धरना समाप्त किया। साथ ही चेतावनी दी कि अगर शुक्रवार की पैनल मीटिंग में नर्सों की मांगें न मानी गईं, तो आंदोलन तेज किया जाएगा। इसके गंभीर परिणामों की जिम्मेदार सरकार खुद होगी।
नर्सिंग एसोसिएशन के नुमाइंदे वीरवार को सरकारी राजिंदरा अस्पताल से मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह और सेहत मंत्री के आवास स्थानों का घेराव करने के लिए निकले। वहीं मोती महल से कुछ दूरी पर ही पुलिस ने नर्सों को बैरीकेट लगाकर रोक लिया। इस पर सारे नर्सिंग स्टाफ ने वहीं पर बैठकर धरना शुरू कर दिया। साथ ही सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। मौके पर एसपी (सिटी) केसर सिंह पहुंचे और नर्सों को शांत किया। इस दौरान धरनास्थल पर कैबिनेट मंत्री ब्रह्म मोहिंदरा के पीए बहादुर खान पहुंचे। खान ने नर्सों की प्रधान कर्मजीत कौर औलख की फोन पर ब्रह्म मोहिंदरा से बात कराई और मांगों के लिए शुक्रवार को मीटिंग का समय दिला दिया। औलख ने चेतावनी दी कि अगर बैठक में नर्सों को रेगुलर करने की मांग को न माना गया, तो आंदोलन तेज किया जाएगा।