युवक ने बहन के घर फंदा लगाकर दी जान
अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला।
थाना अनाज मंडी के अधीन पड़ती बाबा दीप सिंह कालोनी में बहन के घर आए एक युवक ने रात को पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
थाना अनाज मंडी से मामले के जांच अधिकारी एएसआई श्याम लाल ने बताया कि केवल सिंह(32) निवासी नई सुखराम कालोनी मंगलवार शाम नजदीक पड़ती बाबा दीप सिंह कालोनी में रहने वाली अपनी बहन के घर पहुंचा। खाना खाकर वह रात को कमरे में सो गया। सुबह जब आठ बजे तक केवल सिंह कमरे से बाहर नहीं आया तो बहन ने दरवाजा खटखटाया। कोई आवाज न होने पर दरवाजा तोड़ा गया तो अंदर केवल सिंह का शव पंखे से लटका हुआ था। पुलिस के मुताबिक युवक चश्में और पर्स बेचता। वह आर्थिक तंगी से परेशान था। उसकी पत्नी कुछ दिन से मायके गई हुई थी। युवक का बड़ा भाई, मां भी बाहर रिश्तेदारी में गए हुए हैं। पटियाला आने पर उनके बयान के आधार पर ही मामले में आगे कार्रवाई की जाएगी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।