खैरा को समन जारी करने का फैसला अदालत का : कैप्टन
मुख्यमंत्री ने कहा, खैरा मामले में सरकार की कोई भूमिका नहीं
अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला।
मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने आप की ओर से पार्टी नेता सुखपाल सिंह खैरा के खिलाफ राजनीतिक बदले की भावना से अदालती कार्रवाई करने के लगाए आरोपों को खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि इस मामले में सरकार की कोई भूमिका नहीं है और विरोधी पक्ष के नेता को समन जारी करने का फैसला अदालत का है। कांग्रेस सरकार न्यायिक मामलों में किसी किस्म का दखल देने में विश्वास नहीं रखती है। इस केस में खैरा को तलब करना अदालत का फैसला है। कैप्टन ने कहा कि जज का यह फैसला निसंदेह कुछ तथ्यों पर आधारित होगा।
सीएम ने शुक्रवार को पटियाला-राजपुरा रोड पर स्थित एक पैलेस में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पत्रकारवार्ता की। कांग्रेस नेता प्रताप सिंह बाजवा का सूबे की कांग्रेस लीडरशिप और सरकार से नाखुश होने पर कैप्टन ने कहा कि उनको इस बारे में कोई जानकारी नहीं है कि बाजवा को कौन सी नाराजगी है। वहीं पार्टी नेताओं या विधायकों को तो सरकार से कोई समस्या नहीं है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस सभी सदस्यों कर एक खुला मंच है। यहां पर हर एक सदस्य की ओर से किसी किस्म की शिकायत या फीडबैक सांझी करने का स्वागत है। कैप्टन ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार को धान के सीजन में होने वाली अनुमानित 200 लाख टन पराली को हटाने और निपटाने के लिए सही तरीका तलाशने की जरूरत है।
‘आईएसआई सूबे में आतंकवाद पैदा करने की ताक में’
मुख्यमंत्री ने माना कि पाक की खुफिया एजेंसी आईएसआई सूबे में आतंकवाद को दोबारा जिंदा करने के लिए लगातार कोशिश कर रही है। वहीं उनकी सरकार इसको किसी भी कीमत पर सफल नहीं होने देगी। कैप्टन ने कहा कि पकोका कानून के खरड़े की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। इससे अपराधियों, गैंगस्टरों के साथ निपटने के लिए सुरक्षा फोर्स के हाथ और मजबूत होंगे। उन्हाेंने कहा कि नया कानून राज्य में अपराध और नफरत फैलाने वालों को रोकने में अमल में लाया जाएगा।
फोटो नंबर-03पीटीएल01, 02
कैप्शन- पटियाला के एक पैलेस में शुक्रवार को आयोजित कार्यक्रम में मंच पर मौजूद मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह।
कैप्टन ने किया हजार करोड़ के विकास प्रोजेक्टों का एलान
सूबे में औद्योगिक विकास पर पूरा जोर दिया जाएगा : सीएम
अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला।
मुुुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने नहर आधारित पानी की 782 करोड़ रुपये की सप्लाई स्कीम समेत जिले के विकास के लिए 1000 करोड़ रुपये के विकास प्रोजेक्टों का एलान किया है। उन्होंने जिले में मनरेगा के अधीन 84 हजार नए जॉब कार्ड मुहैया कराने का एलान किया। सीएम ने शुक्रवार को एक पैलेस में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कहा कि इन नए जॉब कार्डों के साथ जिले में मनरेगा के अधीन कार्डों की गिनती एक लाख 82 हजार हो जाएगी। उनकी सरकार नेे अभी शुरुआत ही की है और अगले साढ़े चार सालों में सूबे का बड़े स्तर पर औद्योगिक व आर्थिक विकास यकीनी बनाया जाएगा।
कैप्टन ने कहा कि उनकी सरकार की ओर से सूबे में औद्योगिक विकास पर पूरा जोर दिया जाएगा। रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड ने पंजाब में निवेश और औद्योगिक विकास के क्षेत्रों की पहचान करने के लिए 13 सदस्यीय कमेटी का गठन किया है। कैप्टन ने कहा कि इस संबंधी उन्होंने बुधवार ही मुंबई में जाने-माने उद्योगपतियों के साथ चर्चा की है। साथ ही कैप्टन ने जापान की ओर से राजपुरा के पास टाउनशिप स्थापित करने के लिए दिखाई दिलचस्पी का भी जिक्र किया।
मुख्यमंत्री ने मोती बाग बीड़ के पास पीने के पानी के 782 करोड़ के नहरी पानी प्रोजेक्ट की घोषणा की। साथ ही बनूड़ नहर के प्रोजेक्ट को पूरा करने के लिए 38 करोड़ रुपये का एलान किया। कैप्टन ने शहरी आवास योजना के तहत बेघर लोगों के लिए 250 घरों का निर्माण करने के लिए 12.50 करोड़ का एलान किया। एरोनोटिकल इंजीनियरिंग कॉलेज को पूरा करने के लिए 10 करोड़ देने का एलान भी किया। सीएम ने अमृत स्कीम के तहत जल सप्लाई स्कीम को मजबूत करने के लिए 24 करोड़ और सीवरेज के लिए 35 करोड़ का एलान किया।
अब होगा पटियाला का विकास : सिद्धू
कैबिनेट मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू ने कहा कि जीजा सुखबीर सिंह बादल और साला बिक्रम सिंह मजीठिया की सरकार को हटाए जाने के बाद अब पटियाला का सर्वपक्षीय विकास होगा। खास तौर से पीने वाले पानी की सप्लाई के लिए नहरी पानी एक बड़ी प्राप्ति होगी।
मुख्यमंत्री ने किया पासपोर्ट सेवा केंद्र का उद्घाटन
पटियाला और संगरूर के लोगों को पासपोर्ट सेवाओं के लिए बड़ी सुविधा मिलेगी
अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला।
मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने शुक्रवार को जनरल पोस्ट आफिस में पासपोर्ट सेवा केंद्र का उद्घाटन किया। इससे पटियाला औश्र संगरूर के लोगों को पासपोर्ट सेवाओं के लिए बड़ी सुविधा मिल सकेगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि यह पंजाब का दूसरा और देश का 59वां पासपोर्ट सेवा केंद्र है। इस केंद्र की ओर से नया पासपोर्ट बनाने और पुराने को रिन्यू कराने के लिए शुरुआत में रोजाना 50 आवेदन प्राप्त किए जाएंगे। धीरे-धीरे इसकी गिनती 200 तक बढ़ा दी जाएगी। कैप्टन सेवा केंद्र में पासपोर्ट सेवा हासिल करने के लिए आए कुछ लोगों से भी इस मौके पर मिले। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने चंडीगढ़ व अंबाला के क्षेत्रीय पासपोर्ट दफ्तरों में पासपोर्ट के लिए मिलने का समय तय किया हुआ है, वह अब पटियाला पासपोर्ट केंद्र में ही यह सेवा हासिल करने के लिए दोबारा समय ले सकते हैं। हालांकि तत्काल, पीपीसी और अन्य सेवाएं चंडीगढ़ और लुधियाना के क्षेत्रीय पासपोर्ट दफ्तरों से मिलनी जारी रहेंगी। इस दौरान पूर्व केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री परनीत कौर, कैबिनेट मंत्री ब्रहम मोहिंदरा, नवजोत सिंह सिद्ध, साधु सिंह धर्मसोत भी मौजूद रहे।
फोटो नंबर-03पीटीएल03
कैप्शन- पटियाला के जनरल पोस्ट आफिस में शुक्रवार को पासपोर्ट सेवा केंद्र का उद्घाटन करते मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह।