शाही शहर के सभी पार्कों को नया रूप दिया जाएगा। इसकी तैयारी नगर निगम ने कर ली है। शहर के 113 पार्कों को विकसित करने या इन्हें दुरुस्त करने पर पहले चरण में करीब 3 करोड़ रुपये की राशि खर्च की जाएगी। मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की ओर से शहर के विकास के लिए जारी स्पेशल ग्रांट से भी पार्कों का कायाकल्प किया जाएगा। 113 पार्कों की सूची में शहर के अंदरूनी हिस्से में स्थित बी-टैंक पार्क को भी शामिल किया है।
मेयर संजीव शर्मा बिट्टू ने बताया कि इंजीनियर ब्रांच ने उन्हें जो अनुमान दिया है, उसके अनुसार शहर के सभी 113 पार्कों के 2 लाख 63 हजार 48 वर्ग मीटर के रकबे को सुंदर बनाने का काम निगम की ओर से किया जाना है। पार्कों का कायाकल्प करने का काम बस अड्डे के पास स्थित नेहरू पार्क से शुरू किया गया है। इसे सुंदर बनाने और इसकी राजपुरा रोड की ओर स्थित दीवार को नए सिरे से मजबूत तरीके से तैयार करने के लिए करीब 80 लाख रुपये का खर्च आने का अनुमान है। पार्क को विकसित करने का काम शुरू कर दिया गया है। साथ ही राजेश पायलट की प्रतिमा वाला पार्क, आर्य समाज में टंकी वाला पार्क, मास्टर तारा सिंह पार्क, करतार पार्क कालोनी, रतन नगर, आनंद नगर-ए, त्रिपड़ी टंकी वाला पार्क, न्यू मेहर सिंह कालोनी पार्क, इंदिरा कालोनी पार्क, न्यू ग्रीन पार्क कॉलोनी पार्क आदि कई महत्वपूर्ण पार्कों को शामिल किया गया है। पहली बार तैयार किए जाने वाले पार्कों की सूची में मथुरा कालोनी और शीश महल कालोनी रोड के पार्क शामिल किए हैं।
राजपुरा रोड पर केदार नाथ मंदिर के पास नया पार्क भी बनेगा
वहीं राजपुरा रोड पर स्थित श्री केदार नाथ मंदिर से मथुरा कालोनी को जाने वाली सड़क के किनारे पड़ी निगम की जमीन पर नया पार्क भी बनाया जाएगा। करीब 1500 गज के इस पार्क के विकसित होने से लोगों का फायदा होगा और इलाके की सुंदरता बढ़ेगी।