मांगों को लेकर बरसे मजदूर
पटियाला। मजदूरों ने सोमवार को अपनी मांगों को लेकर पंजाब निर्माण मजदूर यूनियन के बैनर तले डीसी दफ्तर के सामने जोरदार रोष धरना दिया। इसमें जिले के विभिन्न इलाकों से आए निर्माण, मनरेगा वर्करों ने हिस्सा लिया। इस मौके पर डीसी के जरिये मुख्यमंत्री के नाम मांग पत्र दिया गया।
धरने को संबोधित करते हुए सतपाल पातड़ां, सुरेश कुमार, बलवंत सिंह ने कहा कि निर्माण कार्यों के साथ जुड़े लाभपात्रियों के बच्चों को पहली क्लास से आठवीं क्लास तक 10 हजार रुपये, नवीं से 10वीं तक 20 हजार, ग्यारहवीं व बारहवीं को 35 हजार, आईटीआई व डिप्लोमा कोर्सों के लिए 70 हजार रुपये, डिग्री कोर्सों के लिए 1 लाख 50 हजार प्रति बच्चा वजीफा दिया जाए। एक साल की सेवा वाले लाभपात्री को 4 हजार रुपये प्रति महीना 60 साल के बाद प्रति महीना पेंशन दी जाए। लड़की की शादी के लिए 51 हजार रुपये शगुन व लड़के की शादी के लिए 25 हजार रुपये की शगुन स्कीम लागू की जाए।
साथ ही मांग की कि 10 जमा दो में पढते लाभ पात्री के बच्चों को फ्री लापटाप दिया जाए। प्रसुता लाभ 31 हजार दिया जाए। बीमा कवर 10 लाख रुपये तक का एलआईसी से कराया जाए। दाह संस्कार के लिए 30 हजार दिए जाएं, यात्रा भत्ता पांच हजार किया जाए। साथ ही मांग की कि मनरेगा मजदूरों को दोबारा लाभपात्री के तौर पर बहाल किया जाए। केंद्र व राज्य सरकारों को बनता एक फीसदी सेस जमा कराने या जो बीओसी डबल्यू बोर्ड की ओर से मिलती सुविधाएं भी वह ले सकें। इसके अलावा लेबर चौकों के अंदर लेबर शेड, पीने वाले पानी, शौचालय, बाथरूम का प्रबंध पहल के आधार पर किया जाए। मजदूरों को रजिस्टर्ड करने के काम में तेजी लाई जाए। अंतरराज्यीय मजदूरों को पहल के आधार पर रजिस्टर्ड किया जाए।