गुरुकुल विद्यापीठ में आग से लाखों का सामान जला
हॉस्टल के विद्यार्थियों की मुस्तैदी और फायर ब्रिगेड ने पाया आग पर काबू
अमर उजाला ब्यूरो
राजपुरा।
गांव रामपुर के पास गुरुकुल विद्यापीठ के एडमिनिस्ट्रेशन ब्लॉक में सोमवार देर रात को आग लगने से लाखों का सामान जलकर राख हो गया। गनीमत रही कि ब्लॉक की छत पर बने हॉस्टल में रह रहे करीब 50 विद्यार्थियों की मुस्तैदी और फायर ब्रिगेड की मशक्कत से आग पर काबू पाया गया।
राजपुरा-बनूड़ रोड पर बने गुरुकुल विद्यापीठ के एडमिनिस्ट्रेशन ब्लॉक में देर रात को करीब एक बजे अचानक आग लग गई। चौकीदार संदीप ने जैसे ही कॉलेज में आग लगने के बाद धुआं उठते देखा तो उसने तुरंत सुपरविजन निर्मल सिंह को मौके पर बुलाया और इमारत की छत पर हास्टल में रह रहे विद्यार्थियों को फौरन नीचे आने और आग पर काबू पाने के लिए कहा। निर्मल ने फायर ब्रिगेड को सूचित किया तो इंचार्ज राकेश कुमार अपने पांच फायर कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और लगातार दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
गुरुकुल विद्यापीठ के अध्यक्ष मनमोहन गर्ग बताया कि जिस ब्लॉक में आग लगी है, उसमें विद्यार्थी, स्टाफ आफिशियल रिकॉर्ड रहता है, वह पूरी तरह जलकर राख हो गया। यही नहीं यहां रखे कंप्यूटर, अलमारियां, डेस्क, काउंटर, कुर्सियों के साथ पूरे ब्लॉक की इमारत खस्ताहाल हो गई है। उन्होंने आग लगने और सामान के नुकसान की जांच करने की बात कही। गर्ग ने बताया कि अनुमान के मुताबिक लाखों रुपये का सामान जल गया, लेकिन अच्छी बात यह रही कि हॉस्टल में रह रहे सभी विद्यार्थी सकुशल हैं और उन्होंने आग बुझाने में भी मदद की है। उन्होंने कहा कि आग लगने के नुकसान की जानकारी की रिपोर्ट पुलिस में दर्ज करवा दी गई है।