जम्मू-अमृतसर राष्ट्रीय राजमार्ग पर पठानकोट के गांव बारठ साहिब के पास एक कैंटर ने मोटरसाइकिल सवार दंपति को कुचल दिया। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके पति को हल्की चोट आई है। कानवां पुलिस ने मामला दर्ज किया है। हादसे के बाद चालक कैंटर छोड़कर मौके से फरार हो गया है।
जानकारी के मुताबिक जम्मू-कश्मीर के आरएसपुरा के गांव परला निवासी अर्जुन सिंह सेना की 4 जेकलाई यूनिट में कार्यरत है और गुरदासपुर के तिबड़ी कैंट में ड्यूटी पर तैनात है। वे अपने गांव में परिजनों से मिलने के लिए गए थे। शनिवार सुबह मोटरसाइकिल से पत्नी वीना देवी के साथ अर्जुन तिबड़ी कैंट लौट रहा था। सवा 11 बजे बारठ साहिब के पास पीछे से आ रहे कैंटर ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार असंतुलित होकर सड़क पर जा गिरे। जब तक वे संभलते कैंटर का पिछला टायर वीना देवी के सिर के ऊपर से होकर गुजर गया। हादसे में वीना की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कैंटर ने जब बाइक को टक्कर मारी तो अर्जुन एक साइड पर जा गिरा, जबकि वीना देवी नीचे आ गई और कैंटर का पिछला टायर उसके ऊपर से गुजर गया। इससे उसका सिर बुरी तरह से कुचला गया। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। कानवां पुलिस ने कैंटर को कब्जे में ले लिया है।