सिविल अस्पताल परिसर में वीरवार को एक महिला ने जमकर हंगामा काटा। सफाई कर्मचारी के पद पर नौकरी पाने को लेकर सफाई कर्मियों के ठेकेदार के साथ हुए विवाद के बीच मारपीट तक की नौबत आ गई। आरोप है कि महिला ने ठेकेदार के साथ मारपीट की और उसके तथा अपने कपड़े भी फाड़ डाले।
हालांकि मौके पर मौजूद लोगों ने विवाद को किसी प्रकार शांत कराया। मामले में आरोपी महिला के खिलाफ केस दर्ज कराया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
थाना सिटी के प्रभारी गुरदीप सिंह ने बताया कि यूनियन के ठेकेदार केवल मसीह ने सिटी पुलिस स्टेशन में शिकायत देते हुए बताया कि वह वीरवार की सुबह अपनी ड्यूटी पर था। इसी दौरान गांव सेखा निवासी एक महिला श़िदर कौर वहां पहुंच गई। ठेकेदार से सफाई कर्मी के पद पर नौकरी मांगने पर दोनों के बीच विवाद हो गया। इस दौरान महिला ने मारपीट करना शुरू कर दिया।
आरोप है कि मारपीट के बीच महिला ने ठेकेदार पर चरित्र हीनता का आरोप लगाते हुए उसके और अपने कपड़े फाड़ डाले। किसी प्रकार मौके पर मौजूद लोगों ने बीच बचाव किया।ठेकेदार ने बताया कि सिविल अस्पताल में 10 सफाई सेवकों को रखने के आदेश प्राप्त हुए थे। जबकि यह कर्मचारी पहले ही रखे जा चुके हैं। विवाद से संबंधित महिला चार-पांच वर्ष पूर्व यहां काम करती थी। अब वह दोबारा नौकरी पाना चाहती है, जो संभव नहीं है। इसी बात को लेकर हुए विवाद के दौरान वह मारपीट पर उतारू हो गई।