हिमाचल प्रदेश के जसूर निवासी महिला के सूमो में बच्चे को जन्म देने का मामला सामने आया है। जच्चा-बच्चा दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं।
महिला की हालत बिगड़ने पर परिजन उसे सिविल अस्पताल पठानकोट में भर्ती कराने जा रहे थे। महिला को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
महिला की सास श्रृष्टा देवी ने बताया कि उनकी बहू कंचन (28) की यह पहली डिलिवरी थी। वे लोग उसे सिविल अस्पताल पठानकोट में दाखिल करवाने के लिए निकले थे लेकिन अस्पताल से कुछ दूर कंचन की हालत बिगड़ गई। इसी दौरान कंचन ने सूमो में ही बच्चे को जन्म दे दिया।
एसएमओ डॉक्टर विजय निझावन ने बताया है कि हालांकि जच्चा और बच्चा स्वस्थ हैं लेकिन गर्भवती महिला को डिलीवरी की तारीख के कुछ पहले ही अस्पताल में भर्ती हो जाना चाहिए।