गुरदासपुर-काहनूवान रोड पर बने बब्बेहाली पुल पर मंगलवार देर शाम एक ट्रक बेकाबू होकर रेलिंग तोड़ता हुआ नहर में जा गिरा। हादसे के वक्त ट्रक में चालक के साथ परिचालक मौजूद था। लोगों ने ट्रक चालक को तो बचा लिया लेकिन परिचालक का अब तक कुछ भी पता नहीं चल पाया है।
ट्रक चालक की पहचान निर्मल सिंह पुत्र सोहन सिंह निवासी हाउसिंग कॉलोनी सेक्टर तीन जिला कुरुक्षेत्र के रूप में हुई है जबकि सह चालक की पहचान दर्शन सिंह पुत्र सरूप सिंह निवासी गुरु नानक पुरा पठावाली गली धनेश्वर जिला कुरुक्षेत्र के रूप में हुई है।
थाना तिब्बड़ के एएसआई धर्मवीर ने बताया कि मंगलवार देर शाम को लकड़ी से भरा हुआ 16 टायरी ट्रक गुरदासपुर से हरियाणा की तरफ जा रहा था। जब ट्रक थानेवाल पुल पर पहुंचा तो अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया। इससे पहले कि ट्रक चालक संभल पाता, ट्रक पुल की रेलिंग तोड़ते हुए नहर में जा गिरा।
मौके पर मौजूद रहे लोगों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण हुई कि ट्रक ने पुल की रेलिंग तोड़ दी तथा आधा ट्रक नहर की तरफ और आधा सड़क पर खड़ा रहा। इसके बाद ट्रक और उसमें फंसे चालक और परिचालक को बचाने के लिए क्रेन बुलाई गई। इस दौरान लोगों ने चालक को ट्रक से निकाल लिया लेकिन सह चालक को नहीं निकाल पाए। थोड़ी देर में क्रेन मौके पर पहुंच गई। इसके बाद ट्रक को निकालने की कोशिश की गई तो उसी समय लगे झटके से ट्रक नहर में जा गिरा। ट्रक में फंसे सह चालक का अब तक कुछ पता नहीं चल पाया है।