पठानकोट। जिले के अलग-अलग स्थानों पर हुए हादसों में एक सैनिक समेत तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने वाहन चालकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के आज देर सायं मुताबिक पठानकोट-अमृतसर राष्ट्रीय राजमार्ग पर दो युवक बाइक से गुरदासपुर जा रहे थे। झाकोलाहड़ी अड्डा में उनकी बाइक बीच सड़क पर अचानक बंद हो गई और वे दोनों सड़क पर गिर गए। इस दौरान पीछे से तेज गति से आर रहे ट्राले ने उन्हें कुचल दिया।
इस हादसे में दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि ट्राला चालक मौके से फरार होे गया। समाचार लिखे जाने तक मृतक युवकों की पहचान नही हो सकी। थाना कानवां पुलिस ने दोनों शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जांच अधिकारी नछतर सिंह ने बताया कि शवों की शिनाख्त कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि ट्राला चालक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है। एक अन्य मामले में गांव सलामपुर के निकट शनिवार सुबह अज्ञात वाहन की चपेट में आने से सेना की 102 एमइडी रेजीमेंट के 28 वर्षीय सैनिक की मौत हो गई। मृतक सैनिक की पहचान शंकर महापात्रा निवासी गांव गोयलपुर जिला न्यागढ(उड़ीसा)के रूप में हुई है।
सुजानपुर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एएसआई अंग्रेज सिंह ने बताया कि शंकर महापात्रा शनिवार की सुबह मोटरसाईकिल पर सवार होकर पठानकोट रेलवे स्टेशन की ओर जा रहा था। सलामपुर के निकट विपरीत दिशा से आए तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की चपेट में आ कर वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल में लाया गया। लेकिन, डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस थाना सुजानपुर ने मामला दर्ज कर कार्यवाई शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम कराकर वारिसों को सौंप दिया गया।