मई माह के शुरुआत में चल रहा सुहावना मौसम अब एक दम से बदल गया है। वीरवार को पठानकोट में पारा 42 डिग्री तक जा पहुंचा। इससे आसमान से उगलती आग ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। बढ़ती गर्मी में तपिश के बीच हर कोई बेहाल है। जबकि लू के थपेड़ों ने लोगों को घर में ही बैठे रहने को मजबूर कर दिया है।
वहीं नौजवानों ने गर्मी से बचने केलिए आस पास की नहरों का रुख कर लिया है। उल्लेखनीय है कि तापमान लगातार 40 से 42 डिग्री तक रोजाना पहुंच रहा है। सुबह आठ बजे से ही आसमान से आग बरसना शुरू हो जाता है। इसके चलते सुबह ही सड़कों पर सन्नाटा नजर आता है। दोपहर 12 बजे के पास तेज धूप के बीच निकलना भी मुश्किल हो गया है और मानो उस समय सूरज आग उगल रहा हो।
उसके बाद भी धूप के प्रकोप दिन में जारी रहने के साथ ही लू के थपेड़ों से बचने के लिए स्कूल कालेज से आने वाले छात्र मुंह पर पकड़ा लपेटकर अपने घरों को वापस लौटते हैं।
कमल, सतीश, रामा, बद्री, विजय, तरसेम खजान चंद ने बताया कि मई माह के शुरुआत में मौसम बिल्कुल ठीक रहा है। सूरज देवता पूरी तरह से मेहरबान रहे हैं, लेकिन पिछले तीन दिन से गर्मी अपने यौवन पर है। उन्होंने कहा कि मौसम के मिजाज में अचानक आया यह बदलाव लोगों की सेहत पर भारी पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि सुबह ही घर से बाहर निकलना मुश्किल हो जाता है। जबकि युवक गर्मी से बचने के लिए मलिकपुर और माधोपुर स्थित यूबीडीसी नहर में नहाकर राहत पा रहे हैं।
बिजली कट ने किया दुखी
सुजानपुर (पठानकोट)। भीषण गर्मी के बीच बिजली कट ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। बलबीर, अश्विनी, सूरज, रवि ने कहा कि बिजली कट के चलते उनका कामकाज चौपट होने की कगार पर है। जबकि गृहिणियों का कहना है कि उनका तो गर्मी केबीच काम करना भी मुश्किल हो गया है।