कस्बा फतेहगढ़ चूड़ियां में वीरवार को रात करीब साढ़े आठ बजे एक दुकानदार की दो युवकों ने सरेआम गोली मार कर हत्या कर दी।
गोली चलाने वाले हमलावर दोनों युवक साइिकल पर आए थे। गोली सीधे दुकानदार के मुंह में मारी है। यह बताया जा रहा है कि गोली देसी कट्टे से चलाई गई है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस कार्रवाई कर रही थी, लेकिन हत्या के कारण के बारे में जानकारी नहीं मिली।
इस संबंध में मृतक सुखदेव सिंह खालसा (68) के बेटे गुरवीर सिंह ने बताया कि उसके पिता की दुकान स्थानीय श्री गुरु रविदास जी चौक में है।
वीरवार को देर रात को दो व्यक्ति साइकिलों पर आए और जाते जाते उन दोनों ने उसके पिता पर गोली चला दी, जिससे उसके पिता की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई। जब इस संबंध में डीएसपी किरपाल सिंह से संपर्क किया तो उन्होंने इस वारदात की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस कार्रवाई कर रही है। पुलिस मृतक के बेटे के बयान दर्ज कर रही है।