पठानकोट। जिले में डेंगू के मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। सात और लोगों में डेंगू पाजिटिव पाए जाने पर डेंगू पीड़ितों की संख्या बढ़कर 22 तक पहुंच गई है। उनका सिविल अस्पताल पठानकोट में इलाज चल रहा है। डेंगू के बढ़ते मरीजों के बाद सेहत विभाग की नींद उड़ गई है।
उल्लेखनीय है कि डेंगू के दो संदिग्ध मरीजों की कल मौत हो गई थी। इनमें एक मरीज ने डीएमसी लुधियाना में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। जबकि दूसरे की अमृतसर ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। जिला नोडल अफसर डा. सुच्चा राम ने बताया कि अभी दोनों मरीजों की डेंगू रिपोर्ट आनी बाकी है और उसके बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा। उन्होंने बताया कि सेहत विभाग की ओर से 18 मरीजों के सैंपल जांच को भेजे गए हैं। उनमें से सात ढाकी निवासी मलकीत सिंह, ढांगू पीर निवासी रिशू, रामपुरा मोहल्ला निवासी मनदीप सिंह, खानपुर निवासी प्रवेश कुमारी, तारागढ़ निवासी गौरव सलारिया, कैलाशपुर निवासी जसविंद्र सिंह और गुलपुर सिंबली निवासी केवल कृष्ण में डेंगू पाजिटिव पाया गया है।