कस्बा बहरामपुर के गांव बाला पिंडी में दूसरी कक्षा के एक छात्र को मंगलवार को एक सूमो चालक ने कुचल दिया। छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। बच्चे की पहचान अभिषेक पुत्र गुलशन कुमार निवासी गांव बाला पिंडी के रूप में हुई। अभिषेक अपने गांव के ही सरकारी स्कूल में दूसरी कक्षा का छात्र था।
मंगलवार दोपहर को स्कूल में छुट्टी होने पर करीब दो बजे वह घर आ रहा था। इस दौरान गांव में एक शादी समारोह में आए कार चालक ने बच्चे को कुचल दिया। मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि वाहन चालक ने शराब पी रखी थी। कार चालक पहले तो घायल बच्चे को गाड़ी में डालकर अस्पताल ले जाने लगा लेकिन बाद में बच्चे को रास्ते में फेंककर भाग गया। लोगों ने घायल बच्चे को बहरामपुर के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। गुलशन अपने माता-पिता की एकलौता बेटा था और उसकी एक बड़ी बहन है।
गुलशन कुमार मेहनत मजदूरी कर परिवार का पालन पोषण करता है। बहरामपुर थाना प्रभारी राजकुमार ने बताया कि आरोपी चालक की पहचान कर ली गई है। वह जिले कोट संतोख राए का रहने वाला है। उसको गिरफ्तार करने के लिए पुलिस पार्टी रवाना कर दी गई है।