गुरदासपुर लोकसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार विनोद खन्ना ने बुधवार को हरियाल, धार कलां, दुनेरा, शाहपुरकंडी, फिरोजपुर कलां, अजीतपुर और काहनगढ़ के अलावा अन्य कई स्थानों पर रोड शो किया। इस अवसर पर उन्होंने चुनावी सभाओं को भी संबोधित किया।
रैलियों में उन्होंने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने सिख दंगे की चर्चा करते हुए कहा कि यदि केंद्र में मोदी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनी तो दंगे के पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाया जाएगा। इसके लिए विशेष जांच टीम गठित की जाएगी।
उन्होंने दंगे में शामिल नेताओं की निंदा की। आरोप लगाया कि पिछले पांच सालों से जब-जब आकाली दल व भाजपा सांसदों ने लोकसभा में 1984 के सिख दंगे के दोषियों को इंसाफ दिलाने के लिए आवाज उठाई, उनकी बात को अनसूना कर दिया गया। बाजवा व रवनीत बिट्टू सरीखे नेताओं ने भी दंगा पीड़ितों की आवाज दबाने का प्रयत्न किया।
कोबरा पोस्ट के स्टिंग आपरेशन को सही ठहराया
विनोद खन्ना ने कहा कि न्यूज पोर्टल कोबरा पोस्ट के स्टिंग आपरेशन ने भी एक बार फिर से दिल्ली दंगों की सच्चाई को सामने लाकर रख दिया है। उन्होंने प्रताप सिंह बाजवा से सवाल किया कि क्या उन्होंने कभी अपने हलके के पीड़ितों परिवारों को इंसाफ के लिए संसद में आवाज उठाई है। कार्यक्रम में डिप्टी स्पीकर दिनेश सिंह बब्बू, एसके पुंज, जिला प्रधान नरेंद्र परमार, करतार सिंह भी मौजूद थे।