कस्बा काहनूवान के निकटवर्ती गांव भट्टियां समीप में स्थित सठियाली रजवाहा में बुधवार रात अचानक पड़ी दरार से पूरा गांव जलमग्न हो गया। गांव के किसानों की धान की फसल पानी में डूब गई। पानी के तेज बहाव से गांव में बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गई है।
यहां तक कि एटीएम बूथ, पशु डिस्पेंसरी, सिविल डिस्पेंसरी के अतिरिक्त सरकारी स्कूल भी पानी से घिर गए हैं। अचानक उत्पन्न हुई इस स्थिति से ग्रामीणों में अफरातफरी का आलम है। उधर, खतरे के बावजूद वीरवार शाम तक राहत कार्य के तौर पर प्रशासनिक स्तर पर कोई प्रयास नहीं किया जा सका था।
इस संबंध में यहां के किसान अमरजीत सिंह, सुच्चा सिंह, भजन सिंह, पूर्व सरपंच अजीत सिंह ने बताया कि रात करीब साढ़े तीन बजे के करीब सठियाली रजवाहा में गांव भट्टियां के बस स्टैंड के पास दरार पड़ गई। कुछ ही पलों में खेत पानी से लगवालब हो गए। किसान अमरजीत सिंह ने बताया कि उन्होंने इसकी सूचना बेलदार को दी। फिर भी सुबह तक कोई अधिकारी या कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा।
ऐसे में उन्होंने अन्य किसानों के साथ मिलकर बोरियों में मिट्टी भर दरार को बंद करने का अस्थाई प्रबंध करने में जुट गए, लेकिन पानी का बहाव तेज होने के कारण उनका प्रयास नाकाम रहा। इस बीच करीब नौ बजे नहरी विभाग का एक जेई गांव में पहुंचा, लेकिन उसने भी बजट के अभाव का रोना रोते हुए हालात को संभालने में असमर्थता जताई और लौट गया। ऐसे में विभाग के रवैऐ के खिलाफ ग्रामीणों में रोष है।