दिवाली के मद्देनजर शहर में जिला पुलिस ने जगह-जगह सुरक्षा व्यवस्था को चौकस कर दिया है। शहर के रेलवे स्टशेनों से लेकर बस स्टैंड सहित अन्य सार्वजनिक स्थलों पर जांच अभियान चलाए गए। एसएसपी राकेश कौशल के निर्देशानुसार जिला पुलिस ने जीआरपी और आरपीएफ को साथ लेकर पहले रेलवे स्टेशनों पर ट्रेनों को खंगाला, इसके बाद शहर के सार्वजनिक स्थलों पर विशेष जांच अभियान चलाया। जीआरपी थाना प्रभारी रामकिशन ने अपनी टीम सहित सिटी रेलवे स्टेशन एवं कैंट रेलवे स्टेशन पर खोजी कुत्तों के साथ जांच अभियान चलाया। जिला पुलिस प्रमुख ने खुद शहर में चेकिंग अभियान का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि उनकी ओर से सभी नाकों की समीक्षा की जा रही है ताकि सुरक्षा कर्मी मुस्तैदी के साथ इस सुरक्षा अभियान में जुटे रहें। उन्होंने कहा कि बाजारों में किसी भी संदिग्ध पर पैनी नजर रखने के लिए उनके सुरक्षा कर्मी सादा कपड़ों में भी तैनात हैं।