जिला पठानकोट की विभिन्न मंडियों में खरीद एजेंसियों ने 19 अक्तूबर तक 4402 मीट्रिक टन धान की खरीद की गई है। यह जानकारी विधायक अश्वनी शर्मा और डिप्टी कमिश्नर सिब्बन सी. ने नंगलभूर मंडी में धान खरीद संबंधी प्रबंधों का जायजा लेने के दौरान दी।
विधायक ने कहा कि खरीद किए गए धान में पनग्रेन विभाग द्वारा 1806 मीट्रिक टन, मार्कफेेड ने 220 मीट्रिक टन, पनसप ने 872 मीट्रिक टन, पंजाब एग्रो ने 706 मीट्रिक टन, पंजाब वेयर हाउस कारपोरेशन ने 690 मीट्रिक टन और एफसीआई ने 108 मीट्रिक टन धान की खरीद की है।
उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को हिदायत दी कि वे ईमानदारी तथा मेहनत के साथ कार्य करें, ताकि मंडियों में आने वाले किसानों को कोई परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि अगर किसानों को किसी भी प्रकार की कोई समस्या पेश आती है तो वे उसका जल्दी से समाधान करें। इस मौके पर डीसी ने कहा कि पिछले वर्ष 50488 मीट्रिक टन धान की खरीद की गई थी और इस वर्ष 56547 मीट्रिक टन धान की खरीद करने का लक्ष्य है।
उन्होंने किसानों से अपील की कि वे मंडियाें में धान को साफ कर और सुखा कर लाएं, ताकि धान बेचने में दिक्कत न हो। इस मौके पर नगर सुधार ट्रस्ट के पूर्व चेयरमैन अनिल वासुदेवा, जिला खुराक व सप्लाई कंट्रोलर मंगल दास, इंस्पेक्टर पलमिंदर सिंह, नसीब सिंह, विपिन सिंह पठानिया और अवतार सिंह मौजूद रहे।