हिमाचल प्रदेश की सेंट्रल यूनिवर्सिटी कांगड़ा के दूसरे दीक्षांत समारोह में हिस्सा लेने जाने के क्रम में राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी बुधवार को विशेष विमान से पठानकोट पहुंचे।
पठानकोट एयरफोर्स स्टेशन पर पंजाब सरकार की ओर से तकनीकी शिक्षा मंत्री मदन मोहन मित्तल ने बुके भेंटकर उनका स्वागत किया। एयरफोर्स स्टेशन में कुछ समय बिताने के बाद राष्ट्रपति हेलीकाप्टर पर सवार होकर धर्मशाला के लिए रवाना हो गए। इस बीच पठानकोट में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई थी।
राष्ट्रपति मुखर्जी को हिमाचल प्रदेश की सेंट्रल यूनिवर्सिटी कांगड़ा के दूसरे दीक्षांत समारोह में हिस्सा लेने के लिए जाना था। इसके लिए वह दिल्ली से इंडियन एयरफोर्स के विशेष विमान से सुबह साढ़े 11 बजे पठानकोट एयरफोर्स स्टेशन पहुंचे।
एयरपोर्ट स्टेशन पर उनका स्वागत करने वालों में डीसी सिबन सी, पंजाब पुलिस बार्डर रेंज के आईजी ईश्वर चंद्र, सेना के 21 सब एरिया के कमांडर ब्रिगेडियर आरके रैणा, एसएसपी राकेश कौशल भी मौजूद थे। इसके बाद धर्मशाला से वापस लौटने के दौरान राष्ट्रपति हेलीकाप्टर से पठानकोट एयरफोर्स स्टेशन पहुंचे और विशेष विमान से दिल्ली रवाना हो गए।
उधर, राष्ट्रपति के आगमन को लेकर पठानकोट में अमृतसर-पठानकोट कुल्लू राष्ट्रीय राजमार्ग पर पुलिस का कड़ा पहरा रहा। सुरक्षा के लिए पुलिस की ओर से छह सौ जवानों की ड्यूटी लगाई गई थी। हर आने-जाने वाले वाहन चालकों पर कड़ी नजर रखी जा रही थी। राष्ट्रपति के वापस लौटने के बाद जिला प्रशासन ने राहत की सांस ली।