किसी भी कार्य के लिए भारत आने वाले एनआरआई पर अब हर समय पुलिस की नजर रहेगी। एनआरआई का जहाज भारतीय धरती पर लैंड करने से पहले ही उनके आने की सूचना भारत सरकार, राज्य की जिला पुलिस तक पहुंचाए जाएगी। ऐसा प्रावधान किया जा रहा है गृह मंत्रालय के प्रोजेक्ट आईवीएफआरटी (इमीग्रेशन वीजा फारेनर रजिट्रेशन ट्रैकिंग) के तहत।
यह जानकारी पुलिस के साथ वीरवार को यहां हुई होटल मालिकों की बैठक में दी गई। बैठक में पुलिस की ओर से बताया गया कि पिछले समय से देश भर से गृह मंत्रालय द्वारा एकत्रित किए गए क्राइम डाटा में एनआरआई के नामों की लंबी चौड़ी सूची अपराधिक मामलों में पाई गई है। एनआरआई पर दर्ज मामलों की संख्या ज्यादा होने के बावजूद एनआरआई आरोपियों की गिरफ्तारी कम हुई है।
कारण यह रहा है कि एनआरआई दूसरे देशों के नागरिक होने के कारण आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देकर विदेश भाग जाते हैं। बाद में मामला ठंडा होने के पश्चात पुन: किसी न किसी ढंग से भारत पहुंच कर ऐश करते हैं।
स्थानीय एक होटल में होटल मालिकों के साथ हुई बैठक में पुलिस विभाग के अधिकारी एसएम शर्मा व राजेंद्र सिंह की ओर से एनआरआई को लेकर पुलिस को उचित सुरक्षा व्यवस्था संबंधी जानकारी दी गई।
वहीं होटेल मालिकों से कहा गया कि जैसे ही कोई विदेशी उनके होटल में आकर रुकता है तो वे उसके बारे में सारी जानकारी प्राप्त कर आनलाइन उन्हें भेजेंगे। उन्होंने बताया कि आन लाइन जानकारी मिलने पर विभाग विदेशियों पर नजर रख पाएगा। इस मोके पर एसपी नरेंद्र बेदी, डीएसपी मनोज ठाकुर, एसएचओ अश्विनी कुमार व होटल यूनियन के राकेश औल व रमेश टोला मौजूद थे।