एयरफोर्स बेसकैंप में चलाए गए ऑपरेशन को लेकर वीरवार को तीसरी प्रेसवार्ता का आयोजन किया गया।
एयरफोर्स के एओसी जेएस धामून ने बताया कि ऑपरेशन एनएसजी, आर्मी, गरुड़ कमांडों, पंजाब पुलिस व खुफिया एजेंसियों ने सफल बनाया।
अभी कॉम्बिंग ऑपरेशन चल रहा है। जल्द ही यह खत्म हो जाएगा। उन्होंने बताया कि जैसे ही हमला होने की एजेंसियों के माध्यम से सूचना मिली तुरंत एनएसजी कमांडो को स्टेशन के अंदर तैनात कर दिया गया।
इससे आतंकी रिहायशी और टेक्निकल क्षेत्र में नहीं घुस पाए। टेक्निकल एरिया में एयरफोर्स के जहाजों, हेलिकॉप्टरों ने विशेष भूमिका निभाई। 800 जवानों को विमानों से तकनीकी क्षेत्र में उतारकर इस स्थान को पूरी सुरक्षा दी गई।
ऑपरेशन में शहीद होने वाले सात जवानों की अहम भूमिका रही। इस दौरान शहीदों को नमन भी किया गया। उन्होंने बताया कि हमले के दौरान आतंकवादी जो हथियार लाए थे उनकी रिपोर्ट बनाई जा रही है। इसकी जानकारी शुक्रवार को प्रेसवार्ता के दौरान दी जाएगी।