जालंधर-जम्मू बाईपास नेशनल हाईवे पर गांव धीरा के पास रास्ते को सेना ने बंद कर दिया है।
इससे गुस्साएं लोगों नेसेना के खिलाफ नारेबाजी कर हाईवे जाम कर दिया। जाम की सूचना मिलते ही थाना डिवीजन नंबर दो के एसएचओ अश्विनी शर्मा मौके पहुंचे और ग्रामीणों को शांत करवाया।
इसके बाद ग्रामीणों की संबंधित सेना के अधिकारियों से बात करवाई गई।
स्थानीय निवासी सुरेंदर मन्हास, अजीतपाल, दविंदर, राजेश, पवन सिंह, शक्ति सिंह, नरेश शर्मा, कुलदीप सिंह और भजन सिंह ने बताया कि गांववासियों के लिए हाईवे पार करके पठानकोट की तरफ जाना बेहद मुश्किल है।
वह काफी समय से नेशनल हाईवे पर गांव की पास स्थित यूटर्न को इस्तेमाल करते आ रहे हैं लेकिन सेना ने उसे बंद कर दिया।
अब उन्हें शहर जाने के लिए हाईवे पर आधा किमी आगे जाकर मुड़ना होगा। वहां सुरक्षा की दृष्टि से कोई भी लाइट या अन्य व्यवस्था नहीं है जिससे तेज गति से आने वाले वाहनों की रफ्तार कम हो।
कई बार लोग हाईवे पर मुड़ते समय दुर्घटना के शिकार हो चुके हैं। उन्होंने मांग करते हुए कहा कि धीरा गांव के सामने हाईवे पर गोल चौक बनाया जाए ताकि उनकी समस्या हल हो। साथ ही सेना की ओर से बंद किए गए रास्ते को भी खोल दिया जाए।
वहीं, सेना अधिकारियों का कहना है कि रास्त को सुरक्षा की दृष्टि से बंद किया गया है। एक घंटे तक हाईवे पर जमे रहने के बाद ग्रामीणों ने रास्ता खोल दिया। उन्होंने कहा कि मामले को लेकर वे शीघ्र ही डीसी से मिलकर रास्ता खुलवाने की मांग करेंगे।