वन रैंक वन पेंशन व 7वें वेतन आयोग की त्रुटियों को लेकर पठानकोट में 31 जनवरी को की जाने वाली विशाल रैली के संबंध में बैठक की गई।
यह बैठक युनाइटेड फ्रंट आफ एक्ससर्विसमैन जिला पठानकोट के सेवानिवृत्त कर्नल सागर सिंह सलारिया के नेतृत्व में हुई। कर्नल सागर सिंह सलारिया ने बताया कि रैली में पंजाब, हिमाचल प्रदेश व जम्मू कश्मीर के करीब 5 हजार से अधिक पूर्व सैनिक शामिल होंगे।
इसमें 14 जून 2015 से जंतर-मंतर दिल्ली में ओआरपीओ आंदोलन को लीड कर रहे सेवानिवृत्त मेजर जनरल सतवीर सिंह रैली में मुख्य रूप से पहुंचेंगे। कहा कि आजादी के बाद भारतीय सैनिकेां के साथ जहां सौतेला व्यवहार किया जा रहा है, वहीं सरकार द्वारा सैनिक कल्याण को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा।
इस मौके पर उनके साथ कर्नल आरके सलारिया, कर्नल उत्तम चिब, कर्नल सुमीत पठानिया, कैप्टन सज्जन सिंह, कैप्टन चैन सिंह, सूबेदार मेजर, विजय सिंह, कुलवंत सिंह, सूबेदार बलदेव सिंह, हवलदार सुरेश शर्मा, नायक यशपाल भी उपस्थित थे।