ऐंजल पब्लिक स्कूल में पहली कक्षा के छात्र कनव की 16 अप्रैल को हुई मौत का मामला तूल पकड़ता नजर आ रहा है। स्कूल की बस पर सवार होने के दौरान लापरवाही वश हुई मासूम की मौत के मामले में दोषियों पर कार्रवाई न होने से परिजन बेहद खफा हैं।
उधर, मां ज्योति के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। उसे इस बात का गम है कि इस बार मदर्स डे कनव के बिना ही बीत गया। इस बीच सोमवार को कनव के घर पहुंचे थाना प्रभारी ने परिजनों से मुलाकात कर उन्हें मामले में अविलंब कार्रवाई का आश्वासन दिया।
काबिलेगौर है कि रविवार को परिजनों ने क्षेत्र के अन्य लोगों के साथ सड़क पर उतर कर कैंडल मार्च निकाला था। उन्होंने दोषियों पर कार्रवाई की मांग की थी। सोमवार को एसएचओ ममून द्वारा भदरोआ स्थित कनव के घर पर जाकर उनके परिवारिक सदस्यों से मामले के संबंध में जानकारी प्राप्त र्की। कनव की दादी का कहना है कि स्कूल के चेयरमैन तथा प्रिंसीपल भी कनव की मौत के तीन दिन तक उसके अभिभावकों से मिलने तक नहीं आए।
इस बीच कनव के बडे़ भाई हेमंत ने बताया कि कनव की मौत ड्राइवर की लापरवाही से हुई। वहीं दादी संतोष ने कहा कि स्कूल की ओर से समय रहते कनव का उपचार कराने की बजाय मात्र औपचारिकता निभाई गई। दूसरी ओर कनव के दादा राम लाल ने बताया कि स्कूल प्रबंधन ने कनव की मौत संबंधी साक्ष्यों को मिटाने का काम किया है। उधर, मामून थाना प्रभारी बलबीर ठाकुर ने कहा कि उन्होंने मामले में परिजनों से जानकारी प्राप्त की है। जांच हो रही है। दोषियों को पर सख्त कार्रवाई होगी।