डलहौजी रोड स्थित रामपुरा में शराब के ठेके का विरोध शुरू हो गया है। मोहल्लेवासियों ने वीरवार को प्रदर्शन और रास्ता जाम कर ठेका बंद कराने की मांग की। अपनी मांग को लेकर लामबंद मोहल्ले के लोगों ने कहा कि यहां नशेड़ियों के जमावड़े से आए दिन शांति भंग होती रहती है। ऐसे में क्षेत्र का माहौल खराब हो रहा है।
प्रदर्शन के दौरान मौके पर पहुंचे पीसीआर पुलिस मुलाजिम केवल कृष्ण व जसबीर सिंह ने जाम को हटाया। जिसके बाद उक्त मोहल्लावासियों ने एसडीएम पठानकोट को एक ज्ञापन भी सौंपा।
जानकारी देते हुए मोहल्लावासी उर्मिला, पवन, रणजीत सिंह, रजनी, संजय, परमजीत, पंकज, विक्रांत, नीलम, बचनी देवी, विजय, रमन, रणबीर सिंह, भूपिंद्र सिंह सहित अन्य मोहल्लावासियों ने बताया कि डलहौजी रोड पर शराब का ठेका खुलने से आए दिन यहां पर लोगों का झगड़ा होता ही रहता है। ऐसे में क्षेत्र का माहौल खराब हो रहा है।
यहां कई बार महिलाओं के साथ छेड़छाड़ की भी घटना हुई है। उन्होंने कहा कि यहां पर शराब का ठेका खुलने से उनके बच्चों पर भी बुरा असर पड़ रहा है। इस संबंध में उन्होंने कई बार प्रशासन को आगवत करवाया, लेकिन अभी तक उनकी इस समस्या का हल नहीं हुआ।
कारिंदा ठेका बंद कर भागा
डलहौजी रोड पर शराब के ठेके को बंद करवाने की मांग को लेकर प्रदर्शन और जाम के ारण वहां हंगामे की स्थिति उत्पन्न हो गई। मोहल्ले के लोगों के गुस्से को देखते हुए ठेके पर बैठा कारिंदा कुछ ही देर में ठेका बंद कर वहां से चलता बना। दूसरी ओर मौके पर गए डीएसपी सिटी मनोज कुमार ठाकुर ने आक्रोशित लोगों को किसी प्रकार आश्वासन देकर शांत कराया।