ढांगू रोड स्थित एक लैबोरेटरी में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में आने से लैबोरेटरी का एक तकनीशियन झुलस गया। उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, वहीं आग से लैब की मशीन क्षतिग्रस्त हो गई है। इससे पचास हजार रुपये का नुकसान होने का अनुमान है। बताया जा रहा है आग शार्ट सर्किट से लगी है।
जानकारी के मुताबिक मंगलवार सुबह 11:30 बजे में लैब में अचानक आग लग गई। इससे लैबोरेटरी में काम करने वाले तकनीशियन और जांच को आए मरीजों और उनके तीमारदारों में अफरा-तफरी मच गई। आग से लैब तकनीशियन कुलवंत चौहान झुलस गया। बाद में कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सुबह आसपास स्थित दुकानदारों ने लैब से आग की लपटें व धुआं निकलता देखा तो उन्होंने आनन-फानन में शीशे तोड़कर अंदर कार्यरत तकनीशियनों और अन्य स्टाफ को खिड़की के रास्ते बाहर निकाला। इसके बाद दमकल विभाग को सूचना दी गई।
कुछ ही देर में फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। लैब संचालक डॉ. सुभाष वर्मा ने बताया कि हादसे में करीब 50 हजार रुपये की नुकसान हुआ है और कुछ मशीनें क्षतिग्रस्त हो गई हैं। उन्होंने बताया कि आग लगने का कारण शार्ट सर्किट हो सकता है।