बारहवीं कक्षा की छात्रा रितिका शर्मा की दोनों किड्नी फेल हो चुकी है। उसके इलाज के लिए अब परिवार को आर्थिक मदद की जरूरत है। लाचार पिता ने सोमवार को इस संबंध में डीसी को मांग पत्र सौंपा। सीएम के नाम संबोधित मांग पत्र में उसने मुख्यमंत्री राहत कोष के तहत आर्थिक मदद की गुहार लगाई।
गांव भटवां की रहने वाली छात्रा के पिता अजय शर्मा ने बताया कि उनकी बेटी रितिका शर्मा का इलाज पिछले काफी दिनों से लुधियाना स्थित दयानंद मेडिकल कालेज में चल रहा था। सेहत में कोई सुधार न होता देख रितिका को चंडीगढ़ स्थित पीजीआई रेफर कर दिया गया। जहां मेडिकल टेस्ट के दौरान पता चला कि उसके शरीर की दोनों किड्नियों ने काम करना बंद कर दिया है।
ऐसे में उसकी स्थिति बेहद गंभीर है। सही समय पर इलाज न होने की सूरत में उसकी जान को खतरा भी हो सकता है। चिकित्सकों के मुताबिक छात्रा के इलाज के लिए करीब सात लाख रुपये की धनराशि की जरूरत है। बतौर प्राइवेट कर्मचारी रितिका के पिता के पास सीमित साधन हैं, जिससे कि वह अपनी बेटी का इलाज करवाने में असमर्थ है।
अपनी बेटी के इलाज पर आने वाले खर्चे से संबंधित मांग पत्र डिप्टी कमिशभनर सिब्बन सी को सौंपतेे हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रिलीफ फंड से मिलने वाली आर्थिक मदद उनके लिए कारगर साबित हो सकती है। अजय शर्मा ने जिले के सभी संस्थानों, गैर सरकारी संस्थाओं के प्रतिनिधियों से अपनी बेटी के इलाज के लिए आर्थिक मदद की अपील की है।