शहर के गुरदासपुर रोड पर बाइक व स्कोडा कार की टक्कर के बाद ड्यूटी पर जा रहे बाइक चालक युवक का अपहरण कर लिया। हालांकि बाद में अपहरण करने वालों ने युवक को छोड़ दिया। हालांकि इससे पूर्व अपहरण करने वालों ने युवक के भाई से फिरौती मांगी थी।
तरुण (21) पुत्र विनोद राज निवासी सुंदर नगर अपनी बाइक (पीबी 35 टी 8547) पर 21 सब एरिया के आशा स्कूल में बतौर चौकीदार नौकरी करता है। वह ड्यूटी पर जाने के लिए घर से निकला था। अभी वह गुरदासपुर रोड पर पहुंचा ही था कि पीछे से आई स्कोडा कार से उसकी टक्कर हो गई।
टक्कर के बाद स्कोडा सवार दो युवक उसे धमकाते हुए रकम मांगने लगे। रकम की मांग करते हुए उन्होंने उसे कार में बिठा लिया तथा जम्मू-कश्मीर के लखनपुर के पास ले गये। पीड़ित पक्ष का कहना है कि अपहरण करने वालों ने बाद में तरुण के भाई को फोन कर फिरौती की मांग की।
तरुण के भाई मानव सिंह ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने फोन पर आरोपियों से तरुण को छोड़ देने के लिए कहा, लेकिन अपहरण करने वालों ने ऐसा करने से इंकार कर दिया। इस बीच पुलिस ने तरुण की तलाश शुरू की। इस बीच देर रात अपहरण करने वालों ने तरुण को छोड़ दिया। पुलिस अब फोन नंबर को ट्रेस कर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।