जम्मू-कश्मीर के कठुआ में जंगलोट सेना कैंप के पास हुए आतंकी मुठभेड़ में शहीद लांस नायक वी एंटनी निर्मल विजी का पार्थिव शरीर पठानकोट एयरफोर्स स्टेशन से तमिलनाडु भेजा गया।
सेना के विमान से भेजे गए पार्थिव शरीर की रवानगी से पूर्व एयरफोर्स स्टेशन पर श्रद्धांजलि दी गई। शहीद लांस नायक वी एंटनी निर्मल विजी के पार्थिव शरीर को तमिलनाडु के जिला वेलूपुरम स्थित उनके पैतृक गांव मुंगयूर भेजा गया है। इस अवसर पर सेना की नौ कोर के जीओसी लेफ्टिनेंट जनरल प्रवीन बख्शी ने एयरफोर्स स्टेशन पर उन्हें अंतिम विदाई दी। शहीद के शव को सैन्य सम्मान के साथ विदा किया गया।
उल्लेखनीय है कि लायंस नायक एंटनी सेना की आर्टिलरी (तोपखाना) रेजीमेंट में तैनात थे। 28 मार्च की सुबह जंगलोट सेना कैंप के पास हुए आतंकी मुठभेड़ में लांस नायक एंटनी शहीद हो गए थे। जबकि सेना और पुलिस के संयुक्त अभियान में तीनों आतंकी मारे गए थे।