पठानकोट। सिविल अस्पताल पठानकोट में प्रसव को आई गर्भवती को इलाज नहीं मुहैया कराने केमामले की जांच शुरू हो गई है। डीसी पठानकोट ने एक सप्ताह के भीतर मामले की जांच रिपोर्ट सौंपने के आदेश जारी किए हैं। एसएमओ डॉ. विजय निझावन को जांच के लिए नियुक्ति किया गया है।
उल्लेखनीय है कि 12 दिसंबर की रात को पठानकोट के मोहल्ला राजड़ियां निवासी सुदेश कुमारी पत्नी राजेश कुमार को को प्रसव के लिए सिविल अस्पताल पठानकोट लाया गया था। आरोप है कि तीन घंटे तक अस्पताल में महिला का इलाज नहीं होने पर महिला की हालत गंभीर हो गई और उसे प्राइवेट अस्पताल ले जाना पड़ा। वहां पर उसने बच्ची को जन्म दिया था। इसके बाद मामले की शिकायत उन्होंने सेहत विभाग के डायरेक्टर, डिप्टी कमिश्नर पठानकोट और सिविल सर्जन पठानकोट को लिखित तौर पर की थी।
डीसी ने इस मामले की जांच के लिए सिविल सर्जन को आदेश जारी किए हैं। इस पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। इस संबंध में एसएमओ डॉ. विजय निझावन ने कहा कि एक सप्ताह में पूरी जांच कर रिपोर्ट डीसी को भेज दी जाएगी।