पठानकोट। कांग्रेस में बगावत शुरू हो गई है। इसी के तहत पठानकोट में पांच दिन पहले प्रदेश कार्यकारिणी में सचिव बनाए गए दविंद्र सिंह दर्शी ने शुक्रवार को पार्टी और पद दोनों से ही इस्तीफा दे दिया। उन्होंने प्रेस कांफ्रेंस करके अपने फैसले से मीडिया को जानकारी दी। उन्होंने पार्टी नेताओं के भ्रष्टाचार में लिप्त होने के आरोप लगाते हुए आल इंडिया कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) और पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीपीसीसी) को अपना त्यागपत्र भेज दिया है। फिलहाल उन्होंने इस्तीफे के पीछे किसी नेता से नाराजगी को जाहिर नहीं किया है और पार्टी में भ्रष्ट तंत्र को आधार बनाया है।
वहीं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष व सांसद प्रताप बाजवा के खास दविंद्र सिंह दर्शी के पद व पार्टी से इस्तीफा देने से सभी कांग्रेसी हैरान हैं। पठानकोट जिले के पूर्व कार्यकारी प्रधान दर्शी भी जिला प्रधान पद की दौड़ में भी शामिल थे, लेकिन पूर्व नगर काउंसिल प्रधान अनिल विज बाजी मार ले गए। उनके इस्तीफा का एक प्रमुख कारण जिला प्रधान पद न मिलना भी एक वजह बताया जा रहा है, लेकिन, खुलकर बोलने को कोई तैयार नहीं है। इससे जिला कांग्रेस में गुटबाजी का दौर और तेज हो गया है।
जानकारी के मुताबिक प्रदेश कांग्रेस कमेटी की पिछले दिनों घोषित 319 पदाधिकारियों की सूची में पठानकोट से दविंद्र सिंह दर्शी समेत 12 लोगों को शामिल किया गया था। उन्हें प्रदेश कांग्रेस में सचिव पद पर नियुक्त किया गया था। नियुक्ति के पांच दिन बाद ही उन्होंने पद और पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। प्रेस कांफ्रेंस में दविंद्र सिंह दर्शी ने अपने पद और पार्टी से इस्तीफा देने की घोषणा की।
उन्होंने कहा कि 37 साल तक पार्टी की सेवा की है। लेकिन, वर्तमान में पार्टी में भ्रष्टाचार का बोलबाला है। भ्रष्टाचार के इस माहौल में उनके लिए काम करना आसान नहीं है इसलिए उन्होंने अपना इस्तीफा एआईसीसी और पीपीसीसी को भेज दिया है। उन्होंने कहा कि आगे भ्रष्टाचार मुक्त शासन और जनता की सेवा उनका मकसद है। पूछने पर उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी के संपर्क में हैं। फिलहाल अभी आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कह सकते हैं। उधर, दर्शी के इस्तीफा के बाद पार्टी नेताओं ने भी चुप्पी साध ली है।
इस बारे में जिला प्रधान अनिल विज ने कहा कि उन्हें दर्शी के इस्तीफे के बारे में अभी जानकारी नहीं है। बगावत के बारे में उन्होंने कहा कि अभी हाईकमान से पता नहीं चला है और ज्यादा कुछ वह कह नहीं सकते हैं।