पुलिस ने डकैती और हत्या जैसी वारदातों में नामजद भगोड़े आरोपी को ग्वालियर सेे गिरफ्तार करने का दावा किया है। पुलिस टीम द्वारा बेरियांवाल निवासी आरोपी नरिंदर सिंह टीना को वीरवार को ग्वालियर से थाना फतेहगड चूड़ियां लाया गया।
डीएसपी तिलक राज ने बताया कि नरिंदर सिंह टीना पर आरोप है कि उसने 5 दिसंबर 2013 को रविदास चौक फतेहगड़ चूड़ियां पर अपने साथियों के साथ मिल कर सुरजीत सिंह खालसा की गोली मारकर हत्या की थी। इससे पहले भी टीना पर अपने भाई गुरविन्दर सिंह की हत्या करने का आरोप है। वह अपने भाई की हत्या के मामले में जेल में सजा काट रहा था। वह साल 2007 में पेरोल पर जेल में बाहर आया।
इसके बाद कोर्ट में हाजिर न होने पर उसे भगोड़ा घोषित कर दिया गया। डीएसपी और एसएचओ ने बताया कि टीना सुरजीत सिंह खालसा का कत्ल करने के बाद अलग-अलग राज्यों में ठिकाना तलाशते हुए ग्वालियर चला गया था। उसने ग्वालियर में भी नौ लाख रुपये की डकैती की घटना को अंजाम दिया। वहां की पुलिस ने उसे डकैती के मामले में गिरफ्तार कर लिया था।