गांव गुजरां लाहड़ी में नौवीं कक्षा की छात्रा ने छेड़छाड़ से तंग आकर खुद को आग लगा ली। उसे गंभीर रूप से झुलसी हालत में पठानकोट के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तारागढ़ पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल चारों आरोपी फरार बताए जाते हैं।
जिले के एक गांव के सरकारी स्कूल में नौवीं कक्षा की छात्रा ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि गांव गुजरां लाहड़ी निवासी श्रवण पुत्र तेजराम रोजाना स्कूल जाते समय उससे छेड़छाड़ करता था। इसका उसने कई बार विरोध भी किया। इसके बावजूद श्रवण की ओर से फब्बतियां कसा जाना जारी था।
पीड़िता ने अपनी मौसी को श्रवण की छेड़छाड़ किए जाने के बारे में बताया तो मौसी शिकायत लेकर श्रवण के घर पर गई थी। आरोप है कि श्रवण की मां कुंती, पिता राजा और भाई साहिल ने अपने लड़के को समझाने की बजाए उसकी मासी को ही भला बुरा कहना शुरू कर दिया और घर से लौटा दिया।
इस बात से खफा छात्रा ने बुधवार देर शाम अपने आप को आग लगा ली। उसके चिल्लाने की आवाज सुनकर पड़ोस से मौसी घर पर पहुंची तो पीड़िता बुरी तरह से आग की लपेटे में थी। किसी तरह से आग को काबू कर उसे गंभीर रूप से झुलसी हालत में पठानकोट सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
तारागढ़ के एसएचओ विपन कुमार ने बताया कि श्रवण, उसकी मां कुंती, राजा और साहिल के खिलाफ खुदकुशी के लिए मजबूर करने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया गया है। पूछने पर उन्होंने कहा कि आरोपियों को पकड़ने के लिए छापामारी शुरू कर दी गई है।