पठानकोट। सदर पुलिस ने अमेरिका भेजने के नाम पर एक व्यक्ति से 18.70 लाख की ठगी करने के आरोप में एक पिता पुत्र के खिलाफ मामला दर्ज किया है। फिलहाल दोनों आरोपी पुलिस की गिरफ्त से दूर हैं।
फतेहगढ़ निवासी कुलविंद्र सिंह पुत्र प्रीतम सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि पवन कुमार व उसके पिता गुरमेज सिंह जालंधर में ट्रेवल एजेंट का कार्य करते हैं। उसने अप्रैल 2013 को अमेरिका जाने के लिए दोनों पिता पुत्र से संपर्क किया तो उन्होंने अमेरिका के लिए उससे 24 लाख रुपये मांगे। 19 मार्च 2013 को उसने 18.70 लाख रुपये उन्हें दे दिए। इसके बाद दोनों पिता-पुत्राें ने उसके जाली दस्तावेज बनाकर दिल्ली से गोहाटा भेज दिया। जहां पर अवैध रूप से प्रवेश करने पर उसे पुलिस ने पकड़ लिया और एक माह जेल में बिताने के बाद उसे भारत भेज दिया गया। शिकायकर्ता ने बताया कि उसने पिता पुत्र से दोबारा संपर्क किया तो उन्होंने उसे फिर अमेरिका भेजने का आश्वासन दिया। इसके बाद से अब तक उन्होंने उसे न तो अमेरिका भेजा और न ही पैसे वापस लौटाए । शिकायतकर्ता ने उक्त पिता-पुत्राें से अपने पैसे वापस करने को कहा तो वे टाल-मटोल किया जाता रहा। एसएसपी ने मामले की जांच डीएसपी सिटी को सौंपी थी। जांच के बाद दोनों पिता पुत्र के खिलाफ सदर पुलिस थाना में धोखाधड़ी के आरोप में मामला दर्ज किया गया है, जबकि आरोपी फरार हैं।
इस संबंध में डीएसपी (सिटी) मनोज कुमार ने बताया कि पुलिस आरोपियों को पकड़ने के लिए छापेमारी कर रही है, उन्हें जल्द ही काबू कर लिया जाएगा।